सोने-चांदी में ऐतिहासिक उबाल:: अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद सोना ₹1.53 लाख के पार, चांदी भी ₹12,000 से ज्यादा उछली

अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद सोना ₹1.53 लाख के पार, चांदी भी ₹12,000 से ज्यादा उछली
X

भीलवाड़ा (हलचल)। वैश्विक राजनीति में आए बड़े बदलाव का सीधा असर सर्राफा बाजार पर देखने को मिल रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के सीजफायर समझौते के ऐलान के बाद सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। घरेलू वायदा बाजार (MCX) में बुधवार सुबह सोने की कीमतों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।

MCX पर सोना ₹3,210 और चांदी ₹12,500 से ज्यादा महँगी

बुधवार सुबह एमसीएक्स पर सोने का भाव 2.14 फीसदी (₹3,210) की भारी तेजी के साथ 1,53,499 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। केवल सोना ही नहीं, चांदी की चमक भी आज बेहद तेज रही। चांदी का वायदा भाव 5.43 फीसदी (₹12,552) की भारी बढ़त के साथ 2,43,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गया है।

क्यों आई यह 'महातेजी'?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में भारी गिरावट आई है। डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड ऑयल आज करीब 15 फीसदी गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। कच्चे तेल के क्रैश होने और फॉरेक्स मार्केट में मची उथल-पुथल के कारण निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर रुख किया है, जिससे कीमतों में यह अभूतपूर्व उछाल देखा जा रहा है।

वैश्विक बाजार में भी मची हलचल

अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) में भी सोने और चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं:

सोना (Global): 3.08 फीसदी की बढ़त के साथ 4,829.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

चांदी (Global): 6.55 फीसदी की भारी तेजी के साथ 76.78 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है।

बाजार के जानकारों का मानना है कि यदि वैश्विक परिस्थितियां इसी तरह बदलती रहीं, तो आने वाले दिनों में सर्राफा कीमतों में और अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Next Story