मिलावटखोरों पर प्रशासन का हंटर:: तीन स्थानों पर छापेमारी, 1600 किलो केसरबाटी सीज

तीन स्थानों पर छापेमारी, 1600 किलो केसरबाटी सीज
X

भीलवाड़ा | होली के त्यौहार पर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को जिले के शाहपुरा और जहाजपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए और भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई को सीज किया गया।

केसरबाटी के 100 टिन किए सीज, शाहपुरा और जहाजपुर में हड़कंप

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने शाहपुरा स्थित 'मेसर्स विनायक बीकानेरी रसगुल्ला फैक्ट्री' पर छापा मारा। यहाँ केसरबाटी की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर टीम ने नमूने लिए और मौके पर मौजूद लगभग 100 टिनों में भरी करीब 1600 किलोग्राम केसरबाटी को जांच रिपोर्ट आने तक के लिए सीज कर दिया। इसके अलावा जहाजपुर के 'मेसर्स मालवा मिष्ठान भंडार' (पंडेर) से बर्फी और 'मेसर्स श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार' से गुलाब जामुन के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

रिपोर्ट आने के बाद होगी विधिक कार्रवाई

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से अपील: सजग रहें और करें शिकायत

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि (MFG) और समाप्ति तिथि (Expiry) की जांच अवश्य करें। यदि किसी भी प्रकार की मिलावट की आशंका हो, तो तुरंत विभाग के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचित करें। सीएमएचओ ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान होली तक निरंतर जारी रहेगा।

Next Story