चित्तौड़गढ़ में बड़ी साजिश नाकाम: मालगाड़ी को डिरेल करने की कोशिश, 17 फीट लंबी पटरी से टकराया इंजन

चित्तौड़गढ़ में बड़ी साजिश नाकाम: मालगाड़ी को डिरेल करने की कोशिश, 17 फीट लंबी पटरी से टकराया इंजन
X


भीलवाड़ा हलचल

चित्तौड़गढ़-कोटा रेल मार्ग पर सोमवार रात बदमाशों ने एक बड़ी रेल दुर्घटना को अंजाम देने की खतरनाक साजिश रची। अज्ञात आरोपियों ने ओराई नदी की पुलिया पर रेल ट्रैक के बीचों-बीच 17 फीट लंबा लोहे की पटरी का टुकड़ा रख दिया। गनीमत रही कि मालगाड़ी के लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और पूरी ट्रेन नदी में गिरने से बच गई।

लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना सोमवार देर रात करीब 2:37 बजे की है। चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट को तोरनिया और सुवावा गांव के बीच ओराई नदी की पुलिया पर ट्रैक पर कुछ संदिग्ध नजर आया। चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन गति के कारण इंजन उस 17 फीट लंबे लोहे के टुकड़े से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी पटरी ट्रैक से नीचे जा गिरी। यदि यह टुकड़ा इंजन में फंस जाता, तो पूरी ट्रेन पुलिया से नीचे ओराई नदी में गिर सकती थी।

सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप, आईजी और डीआरएम पहुंचे मौके पर

मामले की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव बुधवार शाम घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। वहीं, कोटा मंडल के डीआरएम अनिल कालरा ने भी ट्रैक का दौरा किया और बूंदी व बस्सी बेरीसाल स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआरएम ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।

अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज

बस्सी थानाधिकारी चंपाराम के अनुसार, कोटा आरपीएफ के सीआई चौप सिंह डाबर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। चित्तौड़गढ़ पुलिस के दो थानों की टीम, आरपीएफ और जीआरपी संयुक्त रूप से इस साजिश की जांच में जुटी हैं। मौके पर साक्ष्य जुटाए गए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतना भारी टुकड़ा ट्रैक तक कौन और कैसे लेकर आया। फिलहाल रेल यातायात पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455

Next Story