नीमच के तस्कर की स्कीम फेल-: गुलाबपुरा पुलिस ने पकड़ी 2 किलो अफीम, बाइक की सीट के नीचे छिपा रखा था नशा

गुलाबपुरा पुलिस ने पकड़ी 2 किलो अफीम, बाइक की सीट के नीचे छिपा रखा था नशा
X

भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुलाबपुरा थाना पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार तस्कर को दबोचकर उसके कब्जे से 2 किलो 160 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है।

नाकाबंदी देख थराया तस्कर, तलाशी में खुला राज

थाना प्रभारी संजय गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रुकवाया गया। पुलिस को देखकर चालक घबराने लगा। जब बाइक की गहनता से तलाशी ली गई, तो सीट के नीचे विशेष रूप से छिपाकर रखी गई एक थैली मिली। थैली खोलने पर उसमें अफीम पाई गई, जिसका वजन करने पर वह 2 किलो 160 ग्राम निकली।

पलासिया का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मादक पदार्थ और बाइक को जप्त कर आरोपी कैलाश (44) पुत्र होलाल गुर्जर, निवासी पलासिया, जिला नीमच (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि अफीम की यह खेप मध्य प्रदेश से लाई जा रही थी और इसे राजस्थान के किसी अन्य जिले में सप्लाई किया जाना था। गुलाबपुरा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे मुख्य सप्लायर कौन है और आरोपी यह माल किसे देने जा रहा था। गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर, कॉन्स्टेबल सुभाष चंद्र, अभेष, रविंद्र व भगवान ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

Next Story