गुलाबपुरा- सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार पुलिया से नीचे गिरी, 2 की मौत

गुलाबपुरा- सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार पुलिया से नीचे गिरी, 2 की मौत
X


​भीलवाड़ा (हलचल)। भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चमत्कारिक रूप से एक मासूम बच्चा इस दुर्घटना में पूरी तरह सुरक्षित बच गया है।





​अनियंत्रित होकर नीचे गिरी कार

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, टोंक जिले के लांबाहरिसिंह निवासी परिवार के सात सदस्य चित्तौड़गढ़ में सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी विजयनगर (अजमेर) के समीप हाईवे पर चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे पुलिया से नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस की मदद से सभी को तत्काल विजयनगर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चालक नौरत और इंदिरा नामक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

​गोद में बैठा मासूम रहा सुरक्षित

इस भयावह दुर्घटना के बीच एक सुखद खबर यह रही कि परिजनों की गोद में बैठा एक छोटा बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story