ईरान-अमेरिका के बीच 2 हफ्ते का सीजफायर: भारतीय दूतावास ने जारी की 'इमरजेंसी एडवाइजरी', नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह

तेहरान/नई दिल्ली । पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान और अमेरिका के बीच 14 दिनों का युद्धविराम (सीजफायर) लागू हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इसका आधिकारिक ऐलान किया है। इस समझौते के तहत अब दोनों देशों के बीच हमले रुक जाएंगे और स्थायी शांति की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। शांति वार्ता के लिए 10 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दोनों पक्षों की बैठक होगी। इसी बीच, भारत सरकार ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।

दूतावास की सलाह: जल्द से जल्द सुरक्षित मार्गों से निकलें बाहर

ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय नागरिकों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि हालिया घटनाक्रमों और अनिश्चितता को देखते हुए भारतीय नागरिक दूतावास के समन्वय से सुझाए गए सुरक्षित मार्गों का उपयोग कर जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें। साथ ही, नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि वे दूतावास से परामर्श किए बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा (बॉर्डर) के पास जाने का प्रयास न करें।

मदद के लिए इमरजेंसी नंबर और ईमेल जारी

भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने 24x7 हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी जारी की है, ताकि आपात स्थिति में संपर्क किया जा सके:

इमरजेंसी फोन नंबर: +989128109115, +989128109102, +989128109109, +9891281091093, +989932179359

आधिकारिक ईमेल: [email protected]

सीजफायर के 14 दिन: वतन वापसी का सही मौका

विशेषज्ञों और राजनयिकों का मानना है कि सीजफायर के ये 14 दिन भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए सबसे उपयुक्त समय हैं। चूंकि इस अवधि में किसी भी प्रकार के हमले नहीं होंगे, इसलिए भारत सरकार चाहती है कि उसके नागरिक किसी भी संभावित जोखिम से पहले सुरक्षित रूप से देश से बाहर निकल जाएं।

Next Story