बनास नदी में पुलिस की दबिश, 2 जेसीबी मशीनें और 5 ट्रैक्टर जब्त

भीलवाड़ा BHN. हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरडोद एवं सायला गांव क्षेत्र स्थित बनास नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह कार्रवाई IPS (प्रोबेशनर) माधव उपाध्याय के नेतृत्व में की गई, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बनास नदी में दबिश दी। पुलिस को देखते ही खनन माफिया मौके से भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने मौके से 2 जेसीबी मशीनें और 5 ट्रैक्टर जब्त किए। हालांकि माफियाओं 4 जेसीबी मशीनों को भगा ले जाने में सफल रहे।
बताया गया है कि बनास नदी क्षेत्र में बिना अनुमति बड़े पैमाने पर बजरी और रेत का अवैध खनन किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने अवैध बजरी खनन और परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया और खनन कार्य को तत्काल रुकवाया।
IPS प्रोबेशनर माधव उपाध्याय ने बताया कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार जेसीबी मशीनों व आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस द्वारा जब्त वाहनों को हमीरगढ़ थाने में खड़ा कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
