अवैध खनन पर डीएसटी की कार्रवाई,: कंवलियास माफी में 2 जेसीबी और 5 ट्रैक्टर जब्त

कंवलियास माफी में 2 जेसीबी और 5 ट्रैक्टर जब्त
X

भीलवाड़ा हलचल । भीलवाड़ा जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। बड़लियास थाना क्षेत्र के कंवलियास माफी ग्राम में अवैध खनन की गुप्त सूचना पर डीएसटी ने दबिश देकर मौके से मशीनरी और वाहन जब्त किए हैं। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं में हडक़ंप मच गया है।

डीएसटी ने की घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय जिला विशेष टीम को सूचना मिली थी कि कंवलियास माफी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना पर डीएसटी ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बड़लियास थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सवाईपुर चौकी इंचार्ज मय जाब्ता मौके पर पहुंचे ।

2 जेसीबी और 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

डीएसटी की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध खनन में जुटी 2 जेसीबी मशीनें और खनिज के अवैध परिवहन में प्रयुक्त किए जा रहे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। डीएसटी को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग भागने में सफल रहे । जब्त किए गए सभी वाहनों और मशीनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए बड़लियास थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

Next Story