गुलाबपुरा पुलिस और डीएसटी की कार्रवाई-: चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 शातिर गिरफ्तार, 6 बाइक बरामद

चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 शातिर गिरफ्तार, 6 बाइक बरामद
X

भीलवाड़ा बीएचएन। गुलाबपुरा पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य गुर्गों को दबोचकर उनके कब्जे से चोरी की 6 बाइक बरामद की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह यादव के निर्देशन और एएसपी शाहपुरा राजेश आर्य के सुपरविजन में की गई।

इनको किया गिरफ्तार

पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में ब्यावर जिले के मसूदा थाना अंतर्गत नंदवाड़ा गांव निवासी गोपाल लाल 25 पुत्र रामप्रसाद शर्मा व नाडी मोहल्ला, गुलाबपुरा निवासी सूरज सिंह 25 पुत्र रामेश्वर दरोगा को गिरफ्तार किया है।

पलक झपकते ही पार कर देते थे बाइक

मामले का खुलासा तब हुआ जब अटलपुरा निवासी परिवादी ईश्वर लाल कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 16 मार्च 2024 को गुलाबपुरा के कुम्हार मोहल्ला में एक घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक कोई अज्ञात व्यक्ति ले उड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस इन आरोपियों तक पहुँचने में कामयाब रही।

शौक-मौज के लिए बने 'बाइक लिफ्टर'

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अपने महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए सुनसान इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से दुपहिया वाहन पार करते थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद जाल बिछाकर इन शातिर चोरों को घेराबंदी कर दबोचा।

इस टीम ने किया खुलासा

गुलाबपुरा थानाधिकारी संजय कुमार गुर्जर के नेतृत्व में गठित टीम में सहायक उप निरीक्षक महावीर प्रसाद, कांस्टेबल अभेष कुमार, रविंद्र और डीएसटी टीम शामिल थी।

Next Story