मैरिज गार्डन में 'जुआ'-पुलिस ने आधी रात को घेरा 'गोविंद गार्डन', 21 लोग गिरफ्तार

जहाजपुर/भीलवाड़ा (आजाद नेब)। 12 मार्च की वो रात, जब जुआ माफिया कुचलवाड़ा रोड स्थित गोविंद मैरिज गार्डन के बंद कमरों में ताश की गड्डियों पर लाखों की किस्मत आजमा रहे थे, उन्हें जरा भी इल्म नहीं था कि थानाधिकारी गणेश और उनकी 'स्पेशल-18' टीम उनकी कुंडली लिखने आ रही है।
सर्जिकल स्ट्राइक: 120 किमी दूर से मंगाया सर्च वारंट!
पुलिस की फुर्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आधी रात को जब मुखबिर ने सूचना दी, तो थानाधिकारी ने वक्त बर्बाद नहीं किया। एसपी भीलवाड़ा 120 किमी दूर थे, तो तुरंत ई-मेल के जरिए सर्च वारंट हासिल किया गया। पुलिस ने आधी रात को गार्डन की घेराबंदी की और जब अंदर घुसी, तो जुआरियों में भगदड़ मच गई। लेकिन पुलिस की 'चक्रव्यूह' ऐसी थी कि परिंदा भी पर नहीं मार सका।
21 मुल्जिम, 10 गाड़ियां और जुए का काला साम्राज्य
पुलिस ने मौके से 47,600 रुपये नगद और 15 जोड़ी ताश की गड्डियां बरामद की हैं। इतना ही नहीं, जुआरियों की ठाठ-बाट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके से वर्ना, स्विफ्ट, टाटा पंच, आई-20 और नेक्सन जैसी 5 लग्जरी कारें और 5 बाइक जब्त की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का 'कच्चा चिट्ठा':
जुआ खेलने वालों में देवली, जयपुर, कोटा, दौसा, करौली और अजमेर के 'शौकीन' शामिल थे। पुलिस ने आदिल, अनुराग गर्ग, शहनवाज, मनीष, चंदू सिंधी, लवेश, कुशाग्र, अजीत गुर्जर, दीपक जैन, गोविंद साहू, राहुल जैन, प्रदीप सिंह, भुनेश, आफताब, अंगद, विशाल, कमल चौधरी, आशु चौधरी, इमतियाज, लोकेश और तूफान को दबोचकर हवालात की हवा खिला दी है।
सभी के मोबाइल जप्त, खंगाली जा रही है डिटेल
यह कार्रवाई सिर्फ पकड़-धकड़ तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने धारा 105 BNSS की पालना करते हुए पूरी छापेमारी की वीडियो रिकॉर्डिंग की है। पुलिस ने सभी के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, जिनसे बड़े सट्टा नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।
