कर्नल की गाड़ी से उड़ाया 21ग्राम गोल्ड़ व 3 इंपोर्टेंट घडिय़ां हरियाणा से बरामद, उदयपुर में एएसपी के भाई की गाड़ी से भी उड़ा चुके हैं लाखों का माल

कर्नल की गाड़ी से उड़ाया  21ग्राम गोल्ड़ व 3 इंपोर्टेंट घडिय़ां हरियाणा से बरामद, उदयपुर में एएसपी के भाई की गाड़ी से भी उड़ा चुके हैं लाखों का माल
X

भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। कारों के शीशे तोडक़र नकदी और कीमती गहने उड़ाने वाली हरियाणा की अंतरराज्यीय गैंग के गिरफ्तार सरगना उपेंद्र सांसी व चोरी के माल के खरीदार सुनार वीरेंद्र उर्फ बलवान की निशानदेही से गुलाबपुरा पुलिस ने लेफ्टिनेंट कर्नल की गाड़ी से चोरी किया माल बरामद कर लिया। पुलिस ने यह बरामदगी हरियाणा से की है। इस बीच, आरोपित ने उदयपुर सगाई समारोह में शरीक होने आये एक एएसपी के भाई की गाड़ी से भी 22 तोला सोना चुराना कबूल किया है।

गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया कि सैना के लेफ्टिनेंट कर्नल 6 नवंबर को उदयपुर जाते समय परिवार सहित गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में सरेरी के पास चौपाल दा ढाबा पर भोजन करने के लिए रुके। इस दौरान पार्किंग में खड़ी उनकी गाड़ी का शीशा तोडक़र बदमाशों ने अंदर रखी छह कीमती घडिय़ां, ढाई लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात, 20 हजार रुपये नकद चुरा लिये। कर्नल ने आठ नवंबर को गुलाबपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने इस वारदात का खुलासा करते हुये 15 हजार रुपये के ईनामी बदमाश हरियाणा के जिंद जिले निवासी उपेंद्र पुत्र हरीकिशन सांसी को, जबकि चोरी का माल खरीदने के आरोप में भिवानी जिले के मुण्ढाल खुर्द निवासी वीरेंद्र उर्फ बलवान को गिरफ्तार किया। सुनार पर भी 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित था।

पुलिस ने आरोपितों को रिमांड पर लेने के बाद गहन पूछताछ कर आरोपित उपेंद्र की निशान देही पर उसके घर से चोरी की तीन इंर्पोंटेंट घडिय़ां और आरोपित सुनार वीरेंद्र की निशानदेही से 21 ग्राम सोना बरामद कर लिया। पुलिस को इस मामले में अभी उपेंद्र के एक साथी पिंटू पुत्र राकेश सांसी की तलाश है। पुलिस ने पिंटू पर भी 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर रखा है।

उदयपुर में एएसपी के भाई की कार से उड़ा चुके 22 तोला सोना

हरियाणा के बदमाश उपेंद्र व उसके साथी पिंटू ने कुछ समय पहले उदयपुर के सुखेर थाना इलाके में भी ऐसी ही एक वारदात करना कबूल किया है। यह वारदात एक अन्य जिले में पदस्थापित एएसपी के भाई की गाड़ी का शीशा तोडक़र की थी। इस गाड़ी से 22 तोला सोना चोरी गया था। इसके अलावा पाली के सांडेराव थाना सर्किल में 25 नवंबर को 50 तोला सोना, जबकि चार माह पहले हमीरगढ़ थाना सर्किल में एक बोलेरो से गहने व कीमती सामान चोरी कर चुके हैं। ये सभी वारदातें होटल पर खड़ी गाडिय़ों में की गई।

दस साल से कर रहे हैं चोरियां

आरोपित उपेंद्र ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि वे दस साल से चोरियां कर रहा है। पूर्व में वह चलती ट्रेनों से यात्रियों के बैग व सुटकेस चोरी करते थे। करीब डेढ़ -दो साल से वह गाडिय़ों के शीशे तोडक़र कीमती सामान चुराने लगा। आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि वे अब तक पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में वारदात कर चुका है। आरोपित ने कबूला कि वह दो साल पहले पंजाब के बलाडा थाने में 50 तोला सोना चोरी करने के बाद पकड़ा गया और तीन माह जेल में रह चुका है। इसके अलावा 2017 में हिसार में भी गिरफ्तार होकर ढाई माह जेल में रहा।

सुनार भी खा चुका है जेल की हवा

चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़ा गया सुनार वीरेंद्र भी जेल की हवा खा चुका है। उसने पुलिस को बताया कि वह 2017 में एक अन्य गैंग से चोरी का माल खरीदने के आरोप में तलंगाना में, जबकि राजस्थान के नागौर जिले के मंडेल थाने में भी इसी तरह के एक मामले में जेल जा चुका है। उधर, आरोपित उपेंद्र ने कबूल किया कि वारदातों के बाद वह चोरी किया सोना इसी सुनार को बैच देता था।

पंचिंग सिस्टम से चटकाते वाहन का शीशा

आरोपित उपेंद्र ने कबूला कि वे, हाइवे किनारे होटलों की रैकी करते। उनकी नजर महंगी होटलों व लग्जरी वाहनों पर होती थी। दो में से एक आरोपित होटल के आस-पास खड़ा रहकर मोबाइल पर बात करने का नाटक करते। इस मोबाइल में सिम नहीं होती थी। जबकि दूसरा बदमाश जाकर पंचिंग प्रेशर सिस्टम से वाहन का शीशा तोडक़र वारदात को अंजाम देता। इसके बाद वे अपनी महंगी बाइक से फरार हो जाते। फिल्हाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ व फरार आरोपित की तलाश में जुटी है।

Next Story