सीकर में पारा माइनस 2.4 डिग्री: बर्फीली हवाओं ने जमाया राजस्थान, 27 जनवरी को फिर बारिश और ओले गिरने का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में कड़ाके की ठंड ने अब रौद्र रूप धारण कर लिया है। दो दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद शुरू हुई बर्फीली हवाओं ने पूरे प्रदेश को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। रविवार सुबह सीकर में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे भीषण ठंड का संकेत है।
सर्दी का सितम: ग्रामीण इलाकों में जमी ओस
आसमान साफ होते ही उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। सीकर के फतेहपुर और अन्य ग्रामीण इलाकों में रविवार सुबह कोहरे की चादर छाई रही और कई जगहों पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमी नजर आईं।
प्रमुख जिलों का हाल: सीकर, झुंझुनूं और हनुमानगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान मात्र 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। यहां दिन भर धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाओं ने लोगों की धूजणी छुड़ा दी।
7 जिलों में शीतलहर: मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 7 जिलों में शीतलहर (Cold Wave) का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
आगामी दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे:
26 जनवरी (गणतंत्र दिवस): इस दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे शीतलहर के प्रभाव में थोड़ी कमी आ सकती है।
27 जनवरी (नया अलर्ट): प्रदेश में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्वी जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने, बारिश होने और कहीं-कहीं ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
प्राकृतिक आपदा, बदलते मौसम और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।
