फैक्ट्री में महिला की मौत, 25 लाख के मुआवजे को लेकर शव के साथ प्रदर्शन

फैक्ट्री में महिला की मौत, 25 लाख के मुआवजे को लेकर शव के साथ प्रदर्शन
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। रीको एरिया में बुधवार को एक फैक्ट्री में कार्यरत महिला श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की तबीयत बिगडऩे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजन और समाज के लोगों ने शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

फैक्ट्री में अचानक हुई बेहोश

प्रताप नगर थाना पुलिस के अनुसार, नया समेलिया निवासी कृष्णा (35) पत्नी कमलेश विश्नोई रीको थर्ड फेज स्थित रोडास फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। बुधवार सुबह वह हमेशा की तरह काम पर आई थी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में अचानक उसे चक्कर आए और वह बेहोश हो गई।

चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

आनन-फानन में कृष्णा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

25 लाख के मुआवजे की मांग पर अड़े

गुस्साए परिजन और समाजजन शव को अस्पताल से सीधे रोडास फैक्ट्री ले गए। उन्होंने शव को फैक्ट्री के गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी महिला के परिवार के लिए 25 लाख रुपये के मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता

तनाव की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाने से सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह और एएसआई गोविंद सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन, प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच मुआवजे को लेकर वार्ता चल रही है।

Next Story