भीलवाड़ा में 25 केन्द्रों पर होगी SI/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा, गहनों और जूतों पर प्रतिबंध, दो घंटे पहले प्रवेश प्रारंभ

भीलवाड़ा, । राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को जिले के 25 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पारियों में होगी, जिसमें प्रथम पारी सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पारी दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को सुचारू और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं और अभ्यर्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
ड्रेस कोड अनिवार्य
परीक्षार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड में ही परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दिया जाएगा। पुरुष अभ्यर्थी आधी आस्तीन की शर्ट/टी-शर्ट के साथ पैंट या कुर्ता-पायजामा पहनकर आ सकेंगे। वहीं महिला अभ्यर्थी आधी आस्तीन का कुर्ता-सलवार या साड़ी के साथ ब्लाउज पहन सकती हैं। बालों में केवल साधारण रबर बैंड की अनुमति होगी।
गहनों और जूतों पर प्रतिबंध
महिला अभ्यर्थियों को पतली कांच की चूड़ियों के अलावा अन्य कोई आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों को जूते-मोजे पहनकर आने की मनाही है, केवल चप्पल या स्लीपर पहनकर ही प्रवेश मिलेगा।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह बैन
मोबाइल फोन, घड़ी, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी
परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रवेश प्रारंभ कर दिया जाएगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
दस्तावेज साथ लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र और एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
नकल पर कड़ी सजा का प्रावधान
परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 एवं संशोधन 2023 के तहत 10 लाख से 10 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और 10 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। ऐसे अभ्यर्थियों को भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [email protected]
व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा
