सिस्टम की बलि चढ़ा लेक्चरर: 3 ट्रेनें लाश के ऊपर से गुजरीं, सुसाइड नोट में लिखा- 'पुलिस ने मेरी हत्या की है'

जयपुर। राजधानी के महेश नगर में एक सस्पेंडेड लेक्चरर मनोहर लाल भादू ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी, लेकिन मरने से पहले व्यवस्था पर जो सवाल उठाए हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं। मनोहर ने अपने सुसाइड नोट में साफ लिखा— "मैं मरा नहीं हूं, पुलिस ने मेरी इरादतन हत्या की है।"
तमाशा देखती रही खाकी, शव के ऊपर से गुजरीं ट्रेनें
सिस्टम की संवेदनहीनता का आलम यह था कि हादसे के बाद मनोहर का शव करीब 3 घंटे तक ट्रैक पर पड़ा रहा। इस दौरान एक-दो नहीं, बल्कि 3 ट्रेनें शव के ऊपर से गुजर गईं। पुलिस के देरी से पहुंचने पर वहां मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने खुद हिम्मत दिखाकर शव को ट्रैक से हटाया।
SOG और जांच अधिकारियों पर वसूली के गंभीर आरोप
सांचौर निवासी मनोहर ने सुसाइड नोट में SOG के अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना और पैसे ऐंठने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। नोट के मुताबिक:
मुकेश सोनी (जांच अधिकारी): मनोहर ने आरोप लगाया कि सोनी ने पूछताछ के नाम पर पैसे ऐंठने की कोशिश की।
श्याम सुंदर बिश्नोई (ASP): मनोहर का दावा है कि उसे जानबूझकर उन मामलों में घसीटा गया जिनसे उसका लेना-देना नहीं था।
दबाव का खेल: सुसाइड नोट में लिखा है कि "SOG के जोशीले तेवर ने मुझे उस भट्ठी में डाल दिया जहां रोज नए खुलासे हो रहे थे, जबकि मेरा नाम FIR में था ही नहीं।"
मनोहर लंबे समय से जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चे छोड़ गए हैं। दोस्तों ने सोशल मीडिया पर सुसाइड नोट वायरल कर इंसाफ की मांग की है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
