वरमाला के बाद 3 लाख नकद और बाइक के लिए बारात लेकर भागा दूल्हा

वरमाला के बाद 3 लाख नकद और बाइक के लिए बारात लेकर भागा दूल्हा
X

नर्मदापुरम/भोपाल। समाज में फैली दहेज की कुप्रथा ने एक और परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया। नर्मदापुरम में एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद, जब मेहमान दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दे रहे थे, तभी दूल्हा अपने पिता के साथ बारात लेकर भाग निकला। यह पूरी घटना केवल 3 लाख रुपए नकद और एक बाइक की मांग पूरी न होने के कारण हुई।

लालच के आगे टूटे सात फेरे

जानकारी के अनुसार, भोपाल के गौतम नगर निवासी मनीष डोडिया की शादी नर्मदापुरम की एक युवती के साथ 30 जनवरी 2026 को तय हुई थी। शादी की रस्में सुचारू रूप से चल रही थीं, लेकिन वर पक्ष लगातार 3 लाख रुपए कैश और एक बाइक की डिमांड कर रहा था। वधु पक्ष ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वे अपनी क्षमतानुसार ही इंतजाम कर पाएंगे।

वरमाला के बाद मंडप में हड़कंप

शादी के दिन जब मांग पूरी नहीं हुई, तो दूल्हे और उसके पिता ने अचानक शादी से इनकार कर दिया और मंडप छोड़कर भाग गए। इस घटना से शादी के घर में हड़कंप मच गया। दुल्हन, जो कुछ देर पहले तक अपनी नई जिंदगी के सपने देख रही थी, उसकी आंखों में आंसू थे, लेकिन उसने हार नहीं मानी।

दुल्हन ने दिखाया साहस, पहुंची थाने

समाज और बदनामी के डर को किनारे रखकर पीड़ित युवती ने साहस का परिचय दिया और सीधे थाने पहुंचकर आरोपित दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस अब 'दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961' के तहत मामले की जांच कर रही है।

Next Story