भीलवाड़ा एएनटीएफ की नसीराबाद में कार्रवाइ-: स्कोडा कार से अफीम पकड़ी, श्रीगंगानगर के 3 तस्कर गिरफ्तार

स्कोडा कार से अफीम पकड़ी, श्रीगंगानगर के 3 तस्कर गिरफ्तार
X

भीलवाड़ा बीएचएन। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ए.एन.टी.एफ.) की भीलवाड़ा टीम ने अजमेर जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक सफेद रंग की स्कोडा कार से 200 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर श्रीगंगानगर निवासी तीन तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है।

भीलवाड़ा के रास्ते किशनगढ़ की ओर जा रही थी खेप

ए.एन.टी.एफ. भीलवाड़ा टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कोडा कार में तीन व्यक्ति भीलवाड़ा से होकर किशनगढ़ की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई टीम ने संदिग्ध कार का पीछा शुरू किया। सहायक उप निरीक्षक अयुब मोहम्मद के नेतृत्व में यह टीम कार का पीछा करते हुए नसीराबाद के निकट कोटा चौराहा होकर किशनगढ़ मार्ग पर स्थित देराठू गांव पहुंची।

डैशबोर्ड में छिपा रखी थी अफीम

टीम ने देराठू में नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रुकवाया। प्रारंभिक पूछताछ में कार सवारों ने किसी भी अवैध पदार्थ के होने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, टीम ने जब कार की सघन तलाशी ली, तो खलासी सीट के पास डैशबोर्ड के साइड में छिपाई गई एक प्लास्टिक की थैली बरामद हुई। थैली खोलने पर उसमें 200 ग्राम अवैध अफीम पाई गई।

श्रीगंगानगर के तीन आरोपी गिरफ्तार

ए.एन.टी.एफ. ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियो में विजय शर्मा (25) पुत्र आत्माराम, निवासी बिडावाला (श्रीगंगानगर), राजेन्द्र (42) पुत्र बेगाराम, निवासी 49 एलएनपी (श्रीगंगानगर) और सुनील कुमार (27) पुत्र कृष्णलाल, निवासी 3ए, एस गुडली (श्रीगंगानगर) शामिल हैं।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह अफीम किससे लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। तस्करी में प्रयुक्त स्कोडा कार को भी जब्त कर लिया गया है।

Next Story