सांवरिया सेठ के दरबार में हाजिरी और 3 करोड़ का 'काला दूध': पिता-पुत्र तस्करों का एएनटीएफ ने टायर पंक्चर कर निकाला दम

चित्तौड़गढ़/राजसमंद: तस्करी की दुनिया का पुराना खिलाड़ी भंवर सिंह और उसका बेटा जितेंद्र सिंह अब सलाखों के पीछे हैं। भक्ति की आड़ में अफीम की तस्करी करने वाले इस बाप-बेटे की जोड़ी को जालोर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने फिल्मी स्टाइल में राजसमंद के देवगढ़ इलाके में दबोच लिया। इनके पास से 58 किलो अफीम का दूध बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है।
भक्ति का चोला और तस्करी का झोला
तस्कर भंवर सिंह की 'श्रद्धा' सांवरिया सेठ के प्रति अटूट थी, लेकिन नीयत खोटी। वह हर तस्करी की खेप उठाने से पहले और बाद में चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में हाजिरी जरूर लगाता था। पुलिस की टीम सांवरिया सेठ मंदिर से ही इनका पीछा कर रही थी। आरोपी रात भर मंदिर के पास रुके, और एएनटीएफ की टीम भी साये की तरह उनके पीछे लगी रही। उन्हें भनक तक नहीं लगी कि जिसे वे 'आशीर्वाद' समझ रहे हैं, वह पुलिस का बिछाया जाल है।
ढाबे का वेटर बना पुलिस का 'भेदी'
आईजी विकास कुमार के निर्देशन में टीम पिछले काफी समय से भंवर सिंह पर नजर रख रही थी। शातिर तस्कर दो बार पुलिस को चकमा देकर भाग चुका था। इस बार पुलिस ने 'ह्यूमन इंटेलिजेंस' का सहारा लिया। टीम को पता चला कि भंवर सिंह रास्ते में एक खास ढाबे पर ही खाना खाता है। पुलिस ने ढाबे के वेटर को ही अपना मुखबिर बना लिया। जैसे ही वेटर ने सिग्नल दिया कि 'शिकार' चित्तौड़ की तरफ माल लेने निकला है, एएनटीएफ ने मोर्चा संभाल लिया।
टायर पंक्चर कर रोका रास्ता, बेटा बना था 'पायलट'
गिरफ्तारी का मंजर किसी एक्शन फिल्म जैसा था। बेटा जितेंद्र बोलेरो में आगे 'पायलटिंग' कर रहा था ताकि पुलिस की नाकाबंदी देख पिता को अलर्ट कर सके। पिता भंवर सिंह पीछे दूसरी कार में 3 करोड़ का माल लेकर चल रहा था। देवगढ़ के पास टीम ने पहले बेटे की गाड़ी को निकलने दिया ताकि भंवर सिंह को 'ग्रीन सिग्नल' मिल जाए। जैसे ही भंवर सिंह की गाड़ी करीब आई, पुलिस ने टायर पंक्चर कर उसे वहीं ढेर कर दिया। संपर्क टूटते ही आगे चल रहा बेटा भी घबराकर रुक गया और दोनों दबोच लिए गए।
8 साल जेल काटकर भी नहीं सुधरा
भंवर सिंह तस्करी की दुनिया का कुख्यात नाम है। साल 2013 में एनसीबी (NCB) ने उसे पकड़ा था और वह 8 साल की जेल काट चुका है। जेल से बाहर आते ही उसने अपने बेटे को भी इस काले कारोबार में धकेल दिया। फिलहाल पुलिस पूछताछ में कई बड़े सरगनाओं के नाम सामने आए हैं, जिन पर जल्द ही गाज गिर सकती है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
