अवैध बजरी परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रेलर और एस्कॉर्ट कर रही कार सहित 3 गिरफ्तार

भीलवाड़ा। जिले में अवैध खनन और बजरी माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्करगढ़ थाना पुलिस ने अवैध बजरी से भरे एक ट्रेलर को पकड़ने के साथ ही उसे एस्कॉर्ट कर रही एक लग्जरी कार को भी जप्त किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की घेराबंदी और कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध बजरी खनन व परिवहन की रोकथाम के लिए शक्करगढ़ थाना पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम जब थाना क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी मुखबिर की सूचना और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर घेराबंदी की गई। इस दौरान पुलिस ने:
अवैध बजरी से भरा एक टीपर ट्रेलर जप्त किया।
ट्रेलर को रास्ता बताने और पुलिस की निगरानी करने वाली (एस्कॉर्टिंग) ब्रेजा कार को भी कब्जे में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों में ट्रेलर चालक हेमराज गुर्जर (23): निवासी भैरुखेडा, शक्करगढ़, ब्रेजा सवार
कुलवंत सिंह (24): निवासी शाहपुरा और रामप्रसाद गुर्जर (22) निवासी सरा का खेडा, थाना पारोली शामिल है।
कानूनी कार्रवाई जारी
शक्करगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह बजरी कहाँ से लाई जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन से लोग शामिल हैं।
