रूह कंपा देने वाला हादसा:: बेकाबू ट्रेलर ने तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचला, 3 युवतियों की मौत, मासूम घायल

झुंझुनूं । जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के नंगली निर्वाण गांव में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे तंबू लगाकर सो रहे मजदूरों को कुचलता हुआ निकल गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवतियों की मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
नींद में ही टूट पड़ा काल का कहर
जानकारी के अनुसार, टोडी और बिजौली क्षेत्र के भोपा समाज के कुछ परिवार नंगली निर्वाण गांव में प्याज की फसल की कटाई के लिए आए हुए थे। दिनभर की मजदूरी के बाद ये लोग सड़क से दूर तंबुओं में सो रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरा और सीधे तंबुओं में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में हताहतों का विवरण
हादसे में प्रियंका (13) पुत्री मुन्नाराम, मोहिनी उर्फ मोडी (14) पुत्री सुरेश और छोटकी उर्फ होठकी (22) पत्नी सुरेश की मौत हो गई। मृतकों में एक विवाहिता और दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। वहीं, सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) की हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। रवीना (20) का उपचार झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में जारी है।
परिजनों का आक्रोश और प्रदर्शन
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुढ़ागौड़जी थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। स्थिति को संभालने के लिए गुढ़ा, उदयपुरवाटी और गोठड़ा सहित कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। नवलगढ़ डीएसपी खुद मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रेलर जब्त कर लिया है और मुन्नाराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
