युवक को अगवा कर मारपीट करने के 3 और आरोपित गिरफ्तार, 5 की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी

युवक को अगवा कर मारपीट करने के 3 और आरोपित गिरफ्तार, 5 की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। पुर के एक युवक को अगवा कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में भीमगंज थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे तीन और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच आरोपित पहले ही सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं। मामला आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है।

फरवरी में हुई थी अपहरण की वारदात

सहायक उप निरीक्षक अंबालाल के अनुसार, पुर निवासी श्रवण बागरिया की पत्नी रामू ने 19 फरवरी को भीमगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पति श्रवण को सिद्धि विनायक हॉस्पिटल क्षेत्र से उसी के समाज के कुछ लोग जबरन टेंपो में डालकर अगवा कर ले गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रवण को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया था।

समाज के बीच 'इलाकों' के बंटवारे का विवाद

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच समाज के भीतर अपने-अपने इलाके बंटे हुए हैं। नियम के मुताबिक, एक पक्ष के लोग दूसरे के इलाके में प्रवेश नहीं कर सकते। श्रवण के दूसरे इलाके में जाने के कारण ही आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

इन तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

जांच अधिकारी एएसआई सत्यनारायण राव ने मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मजिस्ट्रेट कॉलोनी, कच्ची बस्ती निवासी प्रहलाद 33 पुत्र हीरालाल बागरिया, नई ईरांस निवासी देवाराम 38 पुत्र अमरचंद बागरिया व अगरपुरा निवासी रामपाल 19 पुत्र बलदेव बागरिया शामिल हैं।

Next Story