लुटेरी दुल्हन: शादी के 3 दिन बाद पति और देवर को नशीला दूध पिलाकर बहू फरार

लुटेरी दुल्हन: शादी के 3 दिन बाद पति और देवर को नशीला दूध पिलाकर बहू फरार
X

हिसार । हरियाणा के हिसार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी की खुशियां उस वक्त मातम और सदमे में बदल गईं जब घर आई नई बहू महज 3 दिन बाद अपने पति और देवर को बेहोश कर घर से फरार हो गई। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के घोड़ा फार्म रोड का है।

बिचौलिए के जरिए तय हुई थी शादी

पीड़ित अनिल बंसल ने बताया कि उन्होंने अपने 25 वर्षीय बेटे साहिल बंसल का रिश्ता एक बिचौलिए के माध्यम से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली मधु नामक युवती से तय किया था। लड़की वालों की शर्त के अनुसार, साहिल के परिवार ने उन्हें सोने का कड़ा और चेन दी थी। साथ ही शादी का पूरा खर्च और पार्टी का जिम्मा भी लड़के वालों ने ही उठाया था। 13 फरवरी को दोनों की शादी धूमधाम से संपन्न हुई थी।

शिवरात्रि की रात रची साजिश

पीड़ित परिवार के अनुसार, शादी के दो दिन तक घर में मेहमान होने के कारण दुल्हन को मौका नहीं मिला। लेकिन शिवरात्रि की रात मधु ने योजनाबद्ध तरीके से अपने पति साहिल और देवर के दूध में नींद की गोलियां मिला दीं। जब दोनों बेहोश हो गए, तो वह सुबह करीब 4 बजे घर से जेवरात और नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गई।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

सुबह जब परिजनों की नींद खुली और दुल्हन गायब मिली, तो घर में हड़कंप मच गया। अनिल बंसल का कहना है कि उन्होंने शादी में करीब 4 लाख रुपये खर्च किए थे। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन साथ ही पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। फिलहाल, पुलिस मधु की लोकेशन ट्रेस करने और बिचौलिए की भूमिका की जांच में जुटी है।

Next Story