दिनदहाड़े मकान में चोरी का मामला- चार आरोपितों से 30 हजार रुपये की पूरी बरामदगी

भीलवाड़ा बीएचएन। आसींद थाना क्षेत्र के ब्राह्मणों की सरेड़ी गांव में एक मकान से दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपितों से चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ के बाद 30 हजार रुपये की शत प्रतिशत रिकवरी कर मामले में सफलता हासिल की है।
आसींद थाना पुलिस के अनुसार 16 जनवरी को माया पत्नी दिनेश सिरोठा के घर दोपहर करीब दो से चार बजे के बीच चोरी की वारदात हुई थी। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था और परिवार खेत पर गया हुआ था। चोरों ने मकान में रखी आलमारी को तोडक़र 30 हजार रुपये नकद निकाल लिए थे। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच दीवान राजेंद्र सिंह को सौंपी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। इनमें कालुराम उर्फ कालु बागरिया उर्फ भूरा निवासी गांछा बस्ती शाहपुरा, महावीर बागरिया निवासी शिवनगर गागेडा थाना गुलाबपुरा, रामस्वरूप बागरिया निवासी देवलिया कलां भिनाय तथा वर्तमान में आदर्शनगर गुलाबपुरा निवासी मदन बागरिया शामिल हैं। सभी आरोपितों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने चोरी की रकम छिपाने की जानकारी दी, जिसके बाद उनके बताए स्थान से 30 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों को आज आसींद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार इन बदमाशों ने उसी दिन आसींद सहित आसपास के थाना क्षेत्रों में चार अलग अलग मकानों को निशाना बनाया था। इन घटनाओं को लेकर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
