विधायक मीणा के नाम पर 'वसूली' का बड़ा खेल: पीए सहित चार गिरफ्तार, गारनेट माफियाओं से मांग रहे थे 30 हजार महीना

विधायक मीणा  के नाम पर वसूली का बड़ा खेल: पीए सहित चार गिरफ्तार, गारनेट माफियाओं से मांग रहे थे 30 हजार महीना
X

Ai निर्मित 


भीलवाड़ा। जिले में सफेदपोश नेताओं की आड़ में संगठित अपराध और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोटड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा के निजी सहायक (PA) अजय पांचाल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गारनेट खनन कारोबारियों को डरा-धमकाकर 'मंथली' वसूल रहा था।

सत्ता की धौंस और नंबरों का खेल: विधायक की गाड़ी जैसा ही पीए का नंबर

गिरफ्तारी के बाद विधायक भले ही अजय पांचाल को महज 'कार्यकर्ता' बताकर पल्ला झाड़ रहे हों, लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। आरोपी अजय पांचाल विधायक का बेहद करीबी माना जाता है। आलम यह है कि अजय की स्कॉर्पियो का नंबर (7521) और विधायक मीणा की फॉर्च्यूनर का नंबर (7521) बिल्कुल एक जैसा है। इतना ही नहीं, आरोपी अपनी गाड़ी पर 'विधायक प्रतिनिधि' की प्लेट लगाकर घूमता था और इसी रसूख के दम पर वसूली का जाल बिछाया गया था।

15-20 कारोबारियों से की चौथ वसूली

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अजय पांचाल, नंद सिंह उर्फ पिंटू सिंह, नारायण गुर्जर और कालू गुर्जर ने मिलकर एक संगठित गिरोह बनाया था। ये लोग खनन कारोबारियों के पास जाकर उन्हें धमकाते थे कि "यदि धंधा करना है तो हर महीने 30 हजार रुपए देने होंगे, वरना काम बंद करवा देंगे।" डर के मारे शंकर लाल गुर्जर, राजू वैष्णव और चैन सिंह सहित करीब 15-20 लोगों ने इन्हें मोटी रकम दे भी दी थी।

अपराधियों का गठजोड़: पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पकड़े गए आरोपियों में पिंटू सिंह और कालू गुर्जर शातिर अपराधी हैं। पिंटू सिंह के खिलाफ चोरी, अवैध खनन और मारपीट के कई मामले कोर्ट में लंबित हैं। वहीं, कालू गुर्जर भी चोरी और अवैध खनन के मामलों में पुराना खिलाड़ी रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है कि इस वसूली के खेल की जड़ें और कहां तक फैली हुई हैं।

विधायक का बचाव: "मैं गलत काम को संरक्षण नहीं देता"

मामले के तूल पकड़ने पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अजय पांचाल उनके क्षेत्र का रहने वाला है और चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम किया था। विधायक ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी गलत काम का समर्थन नहीं करते और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story