भीलवाड़ा से दिखेगा 30% ज्यादा रोशनी वाला ‘सुपरमून’, रात 8 बजे से आसमान बनेगा नजारा

भीलवाड़ा से दिखेगा 30% ज्यादा रोशनी वाला ‘सुपरमून’, रात 8 बजे से आसमान बनेगा नजारा
X



भीलवाड़ा हलचल

भीलवाड़ा का आसमान आज रात एक अद्भुत खगोलीय दृश्य का साक्षी बनेगा। आज दिखेगा साल 2025 का सबसे बड़ा और सबसे चमकदार चंद्रमा, जिसे वैज्ञानिक ‘सुपरमून’ कहते हैं। यह चंद्रमा सामान्य से करीब 30 प्रतिशत अधिक चमकदार और 14 प्रतिशत बड़ा नजर आएगा।

खगोलविदों के मुताबिक यह तब संभव होता है जब चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीक बिंदु (पेरिजी) पर आता है। आज की रात चंद्रमा पृथ्वी से लगभग 3,56,000 किलोमीटर की दूरी पर रहेगा, जो औसत दूरी से लगभग 28,000 किलोमीटर कम है।

📸 शहर में खगोल प्रेमियों में उत्साह

भीलवाड़ा में खगोल प्रेमी और फोटोग्राफर इस नजारे को देखने और कैमरे में कैद करने की तैयारी में हैं। पर्यावरण और विज्ञान प्रेमी संगठनों ने भी इसे देखने के लिए लोगों से अपील की है कि रात 8 बजे से लेकर आधी रात तक आसमान में जरूर झांके।

🌙 साफ आसमान से दिखेगा मनमोहक दृश्य

मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा में बुधवार की रात आसमान साफ रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को नंगी आंखों से सुपरमून का शानदार नजारा देखने का मौका मिलेगा।

🔭 क्या है सुपरमून?

जब पूर्णिमा का चंद्रमा पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है, तो वह सामान्य से बड़ा और ज्यादा चमकीला दिखता है। इस स्थिति को ‘सुपरमून’ कहा जाता है। यह घटना साल में तीन से चार बार होती है, लेकिन आज का सुपरमून साल का सबसे निकटतम और सबसे उजला रहेगा।


Next Story