प्रदेशभर में नहर विभाग में 3000 वर्कचार्ज भर्ती की तैयारी! ,2027 से पहले जारी होगी भर्ती प्रक्रिया

जयपुर / हलचल ब्यूरो । राजस्थान सरकार ने आखिरकार प्रदेशभर के नहरी प्रोजेक्ट्स में वर्कचार्ज कर्मचारियों की भर्ती की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। लंबे समय से लंबित इस भर्ती को लेकर अब जयपुर मुख्यालय से मसौदा तैयार होना शुरू हो गया है। कुल करीब 3000 पदों पर वर्कचार्ज कार्मिकों की भर्ती की योजना बनाई जा रही है।
🔹 सिर्फ IGNP नहीं, अन्य प्रोजेक्ट्स भी शामिल
सूत्रों के अनुसार यह भर्ती केवल इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) तक सीमित नहीं रहेगी,
बल्कि ईआरसीपी और अन्य नहरी प्रोजेक्ट्स को भी इसमें शामिल किया गया है।
इससे पूरे प्रदेश के जल संसाधन विभागों को लाभ मिलेगा।
🔹 बीकानेर को सबसे ज्यादा पद मिलेंगे
प्रदेश के 3000 प्रस्तावित पदों में से सबसे बड़ा हिस्सा बीकानेर क्षेत्र को मिलेगा।
यहां करीब 800 नए वर्कचार्ज कर्मचारी नियुक्त किए जाने की योजना है,
क्योंकि फिलहाल विभाग में केवल 150 के आसपास पुराने कर्मचारी बचे हैं,
जो अगले दो साल में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
🔹 सरकार को चुनावी लाभ की उम्मीद
जानकारों का कहना है कि सरकार इस भर्ती को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पूरा करने की तैयारी में है।
इससे सरकार को राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद है।
ठीक वैसे ही जैसे पिछली सरकार ने सफाईकर्मी भर्ती का फायदा उठाने की कोशिश की थी,
हालांकि भर्ती अधूरी रहने से उस समय नुकसान झेलना पड़ा था।
🔹 कर्मचारी संगठन बोले — अब वादा पूरा करो!
राज्यभर के कर्मचारी संगठन लगातार इस भर्ती की मांग करते रहे हैं।
कई बार ज्ञापन और प्रदर्शन के बाद अब जाकर सरकार हरकत में आई है।
संगठनों का कहना है कि अगर मसौदा तैयार हो गया है तो भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए,
सिर्फ चुनावी घोषणा बनकर न रह जाए।
