मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 33 घंटे का जाम, गैस टैंकर पलटने से वाहनों की 20 किलोमीटर लंबी कतार

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम से भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर लोगों को करीब 33 घंटे तक फंसे रहना पड़ा। इस जाम की वजह खंडाला घाट में एक गैस टैंकर का पलट जाना था। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पूरी तरह वाहनों से भर गया और हजारों लोग घंटों फंसे रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हटाने और प्रोपलीन गैस को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने के बाद ट्रैफिक धीरे-धीरे सामान्य हुआ। मंगलवार शाम पांच बजे टैंकर पलटा था, जिसके कारण मुंबई की दिशा में वाहनों की कतारें लगभग 20 किलोमीटर तक बढ़ गईं। पुणे की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर नियंत्रित तरीके से निकाला गया।

जाम की वजह से यात्री भूख, प्यास और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के बिना फंसे रहे। एक्सप्रेसवे और घाट के इस हिस्से में आसपास न होटल थे और न दुकानें, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें 10–12 घंटे तक खाने-पीने की चीजें नहीं मिलीं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस स्थिति में सबसे अधिक प्रभावित रहे।

एमएसआरडीसी के एक अधिकारी ने बताया कि देर रात क्रेन की मदद से टैंकर हटाया गया और प्रोपलीन गैस को अन्य टैंकरों में स्थानांतरित किया गया, जिससे जाम हट सका। इस दौरान ड्रोन से शूट किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे देखकर लोग हैरान हैं।

Next Story