भीलवाड़ा सहित प्रदेश के 35 जिलों में 'येलो अलर्ट': 28 मार्च से सक्रिय होगा शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ, आंधी-बारिश की चेतावनी

भीलवाड़ा (बीएचएन)। राजस्थान में मार्च के विदाई के दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, भीलवाड़ा सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में भारी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 28 मार्च से एक नया शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका व्यापक असर भीलवाड़ा और आसपास के जिलों में देखने को मिलेगा।
29 मार्च को इन 35 जिलों में दिखेगा विक्षोभ का तांडव
मौसम विभाग ने 29 मार्च को प्रदेश के महज 4 जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। प्रभावित होने वाले जिलों में अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और पाली शामिल हैं ।
28 मार्च से शुरू होगी आंधी और बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके बाद 29 मार्च को सिस्टम और अधिक व्यापक होगा, जिससे जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में भी मौसम सक्रिय रहेगा।
31 मार्च तक जारी रहेगा असर
लगातार सक्रिय हो रहे इस विक्षोभ के चलते मार्च के आखिरी दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। 30 और 31 मार्च को भी बीकानेर और जोधपुर संभाग में बारिश का दौर छिटपुट स्थानों पर जारी रह सकता है। बेमौसम की इस बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान होने की आशंका भी जताई जा रही है।
