भीलवाड़ा: अंबेडकर कॉलोनी में हाई वोल्टेज का तांडव, 35 घरों के जले उपकरण, मची चीख-पुकार

X



भीलवाड़ा। शहर के शास्त्री नगर स्थित अंबेडकर कॉलोनी (हरिजन बस्ती) में आज सुबह बिजली विभाग और 'सिक्योर' कंपनी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अचानक आए हाई वोल्टेज करंट ने पूरी कॉलोनी में कोहराम मचा दिया, जिससे करीब 30 से 35 घरों में बिजली के उपकरण जलकर राख हो गए और कई घरों में आग लग गई।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे जब बस्ती के अधिकांश पुरुष काम पर जा चुके थे, तभी अचानक ट्रांसफार्मर (DP) और खंभों पर जोरदार धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते घरों के अंदर लगे पंखे, कूलर और एलईडी लाइटें धमाकों के साथ फटने लगीं। करंट का प्रवाह इतना तेज था कि घरों में रखे बिस्तरों और कपड़ों ने भी आग पकड़ ली।

बाल-बाल बचे बच्चे

हादसे के वक्त कई बच्चे घरों के भीतर सो रहे थे। जैसे ही उपकरणों से चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं उठा, मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों को आनन-फानन में घर से बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।

बस्ती के बाशिंदों में भारी आक्रोश

स्थानीय निवासी जितेश खोखर ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा:

"हमने पिछले कई दिनों में 4 से 5 बार विभाग को जर्जर पोल और डीपी की शिकायत की थी, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। आज हमारी मेहनत की कमाई से खरीदे गए कूलर-पंखे सब जल गए हैं। इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा?"

ये हुआ घरों में नुकसान

पंखे और कूलर पूरी तरह जलकर खराब हो गए।LED टीवी और बल्ब धमाके के साथ उड़ गए। फ्यूज,घरेलू सामान शॉर्ट सर्किट की आग से जल गए।बिजली फिटिंग कई घरों की वायरिंग पूरी तरह पिघल गई।

आगे की कार्रवाई

कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द ही जर्जर लाइनों को दुरुस्त नहीं किया और नुकसान का मुआवजा नहीं दिया, तो वे कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल इलाके की बिजली काट दी गई है और सुधार कार्य जारी है।

Next Story