चोरी गए 37 बकरे बरामद, तीन शातिर चोरों को भेजा सलाखों के पीछे

भीलवाड़ा (बीएचएन)। रायपुर थाना पुलिस ने पशु चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 37 बकरे बरामद कर लिए हैं। वारदात का खुलासा होने के बाद पशुपालकों ने राहत की सांस ली है।
बाड़े से गायब हुए थे 37 बकरे
जांच अधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि रायपुर निवासी देवीलाल पूर्बिया के बाड़े को चोरों ने निशाना बनाया था। 8 फरवरी 2026 की रात को अज्ञात बदमाश बाड़े में घुसे और वहां मौजूद 37 बकरे चुरा ले गए। इस संबंध में पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की।
दबोचे आरोपी, कबूला जुर्म
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्धों—हरीशंकर उर्फ हेमराज (28) पुत्र देवीलाल गाडरी, रामेश्वर लाल उर्फ रमेश (32) पुत्र भैंरूलाल कुमावत और नाथूसिंह रावणा राजपूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपितों ने पशु चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
बरामदगी के बाद भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए सभी 37 बकरे बरामद कर लिए हैं। सोमवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस अब इनसे अन्य संभावित वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
