भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर भीषण सडक़ हादसा-: गड्ढे को बचाने के प्रयास में कार को टक्कर मारने के बाद पलटी तेज रफ्तार बस, 37 घायल
भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सडक़ दुर्घटना में 37 लोग घायल हो गए। हादसा शाहपुरा टोल से करीब एक किलोमीटर पहले रायपुर चौराहे के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर सामने से आ रही टाटा हैरियर कार से टकराने के बाद पलट गई।
रफ्तार का कहर और जानलेवा गड्ढा
मिली जानकारी के अनुसार, निजी बस भीलवाड़ा से देवली की ओर जा रही थी। यात्रियों के अनुसार, चालक बस को काफी तेज गति से चला रहा था। रायपुर चौराहे के पास सडक़ पर आए एक गहरे गड्ढे को बचाने के फेर में चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस ने सामने से आ रही टाटा हैरियर कार को जोरदार टक्कर मारी और सडक़ किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक केबिन में ही फंस गया।
पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही शाहपुरा थाने के सहायक उप निरीक्षक एम. कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी देख पुलिस वाहन के चालक कृष्ण गोपाल ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। चालक ने करीब 4-5 चक्कर लगाकर घायलों को शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे में घायल हुए 37 लोगों में से दो कार सवार भी शामिल हैं। शाहपुरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल भीलवाड़ा के लिए रेफर कर दिया गया है। शेष घायलों का उपचार शाहपुरा में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये हुये घायल
पुष्पा कंवर धांपला, देवली टोंक, शौभाग सिंह पुत्र मदन सिंह 65 भीलवाड़ा, अज्ञात महिला 25, पायल कंवर पत्नी लादूसिंह धांवला देवली, रामकुमार नवलगढ़ झुंझुंनू, फातमा बैगम पत्नी हकीम मोहम्मद फतहपुर, महेंद्र पुत्र मांगीलाल मीणा जहाजपुर, नीतू देवी पत्नी महेंद्र वैष्णव शाहपुरा, गोरा बंजारा पुत्र नारायण बंजारा डूंगरी चौराहा, भगवत सिंह पुत्र मोहन सिंह, दो अज्ञात, महेंद्र सिंह की मां गुड्डी कंवर धांपला, देवली, गोमा बंजारा 70, पायल कंवर पुत्री भगवत सिंह धामनिया, अज्ञात महिला, महेंद्र पुत्र नारायण सिंह देवली टोंक, रिंका पत्नी राजाराम मीणा रामकोट टोंक, कोमल पुत्री महेंद्र सिंह धांपला, भैंरू बैरवा 60 व अंकित बैरवा 10 तस्वारिया खुर्द, तनवीर अहमद पुत्र चांद मेाहम्मद मांडल, दुर्गा पत्नी देवेंद्र सिंह भीलवाड़ा, हितेश बैरवा पुत्र माधु बैरवा कादीसहना, चेतन पुत्र किशन बैरवा व सुरेश पुत्र रतन बैरवा कादीसहणा, अनुराधा पुत्री कालू ढोली 25 ढिकोला, पप्पू पुत्र रामप्रसाद मोची खेमा का खेड़ा जहाजपुर। इनमें से दो महिलाओं व दो पुरुषों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं आधा दर्जन घायलों को जिला अस्पताल के लिए भीलवाड़ा भेजा गया है।
