भीलवाड़ा: कोठारी नदी में अवैध बजरी खनन पर पुलिस का कड़ा प्रहार, 4 ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह द्वारा जिले में अवैध खनन और माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत DST (जिला विशेष टीम) को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी के सख्त आदेशों की पालना में टीम ने मांडल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

छापामार कार्रवाई का विवरण

DST को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरस डेयरी के पीछे कोठारी नदी क्षेत्र में अवैध रूप से बजरी का दोहन किया जा रहा है। सूचना पर टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके से चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध बजरी के साथ पकड़ा।

थाना पुलिस को सुपुर्दगी

चूंकि यह क्षेत्र मांडल थाना अंतर्गत आता है, अतः कार्रवाई के बाद मौके पर मांडल थाना से सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह पहुंचे। DST ने पकड़े गए चारों ट्रैक्टरों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु उनके सुपुर्द कर दिया है।

एसपी के कड़े निर्देश

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नदी क्षेत्रों में पारिस्थितिकी को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ पुलिस की यह पैनी नजर और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Next Story