डॉक्टर से 90 लाख की फिरौती का मामला:: हिस्ट्रीशीटर 'सिकंदर लॉटरी' ने भी दी थी धमकी, गिरफ्तार 4 आरोपित 5 दिन के रिमांड पर

भीलवाड़ा BHN। शहर के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 90 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में सुभाषनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डॉक्टर के ही निजी अस्पताल में कार्यरत चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उन्हें अदालत के आदेश से 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच में सामने आया है कि इस साजिश में कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर सिकंदर उर्फ लॉटरी भी शामिल था, जिसने डॉक्टर को फोन पर धमकाया था।
गिरफ्तार आरोपित
पुलिस ने इस मामले में फिरौती मांगने और साजिश रचने के आरोप में निम्नलिखित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोहम्मद इमरान नीलगर (20) पुत्र मोहम्मद असलम, निवासी: मुस्तफा नगर, पुर ,अजय (24) पुत्र बक्शु जाट, निवासी: अगरपुरा, जफर अहमद (40) पुत्र सफीक अहमद, निवासी: बहाला गुलमंडी व जगदीश (26) पुत्र मोहन बैरवा, निवासी: जित्याखेड़ी शामिल हैं।
हिस्ट्रीशीटर सिकंदर उर्फ लॉटरी की भूमिका
थाना प्रभारी कैलाशकुमार विश्नौई ने बताया कि मुख्य आरोपित इमरान और अजय ने ही डॉक्टर को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई थी। बाद में दो और साथियों जफर व जगदीश को इसमें शामिल किया। जब डॉक्टर उनके झांसे में नहीं आए, तो इमरान ने अपने परिचित और कोतवाली थाने के हिस्ट्रीशीटर सिकंदर उर्फ लॉटरी की एंट्री करवाई। सिकंदर ने डॉक्टर को कॉल कर राशि देने के लिए धमकाया। पुलिस की टीमें फरार सिकंदर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
रिमांड के दौरान होगी मोबाइल और वीडियो की जांच
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपितों के मोबाइल फोन की बारीकी से जांच करेगी। मुख्य उद्देश्य उस कथित वीडियो के स्रोत का पता लगाना है, जिसके जरिए डॉक्टर को बर्बाद करने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि इस गिरोह के तार शहर के अन्य किन अपराधियों से जुड़े हुए हैं।
