सावधान! 'खाकी' के भेष में बड़ी लूट:: सस्‍ता सोना दिलाने के नाम पर 40 लाख की डकैती, ठगों का जाल फैला

सस्‍ता सोना दिलाने के नाम पर 40 लाख की डकैती, ठगों का जाल फैला
X


पाली। जिले में सस्‍ता सोना खरीदने का झांसा देकर लाखों की ठगी और फिल्मी अंदाज में लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने न केवल 40.51 लाख रुपए डकार लिए, बल्कि 'खाकी' की धौंस दिखाकर पीड़ित को डराया और मौके से रफूचक्कर हो गए। बालोतरा के व्यापारी के साथ हुई इस वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

सस्‍ते सोने का लालच और 40 लाख का 'गेम'

असम में मेटल का व्यापार करने वाले बालोतरा निवासी सुरेश कुमार को जालोर के भरत कुमार ने कम रेट पर सोना दिलाने का लालच दिया। पाली के रमेश कुमार नामक व्यक्ति से 400 ग्राम सोने का सौदा 48 लाख रुपए में तय हुआ। विश्वास जीतने के लिए ठगों ने 10 मार्च को 51 हजार रुपए टोकन मनी भी ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली। योजना के मुताबिक, सुरेश कुमार 17 मार्च को फ्लाइट से जोधपुर पहुंचे और वहां से पाली आकर एक होटल में ठहरे।





फिल्मी स्टाइल में हुई वारदात: वर्दीधारी ने ऐसे दिया झांसा

18 मार्च की शाम पूनागर भाकरी रोड पर मुख्य खेल शुरू हुआ। सुरेश कुमार ने कार में बैठे रमेश कुमार को 40 लाख रुपए नकद थमा दिए। तभी एक युवक बुलेट पर आया, जिसके पास बैग में सोना होने का दावा किया गया। जैसे ही सौदा होने वाला था, अचानक एक 'वर्दीधारी' युवक दूसरे व्यक्ति के साथ वहां प्रकट हुआ। उसने फिल्मी अंदाज में कार रुकवाई और साथ बैठे युवक को 'सोना तस्कर' बताते हुए बैग सहित अपने साथ ले गया। वर्दीधारी ने पीड़ितों को धमकाया कि यह तस्करी का मामला है और उन्हें गवाही के लिए थाने आना होगा।

नकली पुलिस या शातिर गैंग? जांच में जुटी सदर पुलिस

धौंस और डर के मारे पीड़ित उस वक्त तो वहां से भाग निकले, लेकिन बाद में उन्हें अहसास हुआ कि वे एक सोची-समझी साजिश का शिकार हो चुके हैं। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि वर्दी में आया व्यक्ति असली पुलिसकर्मी था या गैंग का कोई सदस्य जिसने लूट को अंजाम देने के लिए पुलिस की वर्दी का सहारा लिया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story