रेंजर 40 हजार की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार; सूखे पेड़ों की एनओसी के बदले मांगी थी रिश्वत

श्रीगंगानगर । भ्रष्टाचार के खिलाफ राजस्थान एसीबी की मुहिम रंग ला रही है। सोमवार देर शाम श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए वन विभाग के रेंजर अशोक सिंह शेखावत को 40,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से वन विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
सूखे पेड़ों की एनओसी के बदले 'कमीशन' की मांग
जानकारी के अनुसार, नहरों के किनारे खड़े सूखे पेड़ों के ठूंठ निकालने का ठेका एक ठेकेदार को दिया गया था। ठेकेदार द्वारा कार्य पूर्ण करने के बाद विभाग से एनओसी (NOC) मांगी जा रही थी। आरोप है कि रेंज अधिकारी अशोक सिंह शेखावत इस एनओसी को जारी करने के बदले ठेकेदार से रिश्वत की मोटी रकम की मांग कर रहे थे। परेशान होकर ठेकेदार ने इसकी शिकायत एसीबी चौकी श्रीगंगानगर को दी।
एसीबी ने बिछाया जाल, रेंज कार्यालय में दबोचा
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया। रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर सीआई राजेंद्र कुमार और उनकी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही ठेकेदार ने रेंजर अशोक सिंह को रिश्वत के 40 हजार रुपये थमाए, इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी रेंजर के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। एसीबी के सीआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल रेंज कार्यालय में दस्तावेजों की जांच और अग्रिम कार्रवाई जारी है।
