बारां में पुलिस का बड़ा एक्शन: 40 करोड़ के अवैध पटाखों का जखीरा जब्त, तीन गोदामों से मिला 2.3 लाख किलो विस्फोटक

बारां में पुलिस का बड़ा एक्शन: 40 करोड़ के अवैध पटाखों का जखीरा जब्त, तीन गोदामों से मिला 2.3 लाख किलो विस्फोटक
X


बारां ( हलचल)। शहर के मंडोला गांव के समीप पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए आतिशबाजी के तीन गोदामों से करीब 2 लाख 31 हजार 300 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और पटाखों का जखीरा बरामद किया है। जब्त किए गए माल की बाजार कीमत लगभग 40 करोड़ रुपए आंकी गई है। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर किए गए इस अवैध भंडारण ने आसपास के रिहायशी इलाकों के लिए बड़ा खतरा पैदा कर रखा था।

खतरे की सूचना पर पहुंचे अधिकारी, रह गए दंग

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 20 फरवरी को सूचना मिली थी कि अटरू-बारां रोड स्थित 'आर-डी ब्रदर्स' फर्म के गोदामों में क्षमता से कई गुना अधिक विस्फोटक सामग्री जमा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और वृत्ताधिकारी हरिराम सोनी के नेतृत्व में जब टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी सकते में आ गए। गोदामों की छतों और टीन शेड पर हजारों किलो सूतली बम सुखाए जा रहे थे। सुरक्षा के नाम पर यहां अग्निशमन उपकरण तक मौजूद नहीं थे।

तीन गोदाम सील, दो मालिक गिरफ्तार

प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों गोदामों को सील कर दिया है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फर्म के मालिक दो भाइयों को तीन दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। नगर परिषद आयुक्त और उप जिला कलेक्टर की संयुक्त जांच के बाद जब्ती की प्रक्रिया 21 और 22 फरवरी को पूरी की गई।

जब्ती का ब्यौरा: बारूद और बमों का अंबार

संयुक्त टीम ने गोदामों से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:

सूतली बम: करीब 1350 कट्टों में भरा 338 क्विंटल तैयार माल।

तैयार पटाखे: लगभग 5500 कार्टन (वजन करीब 1918 क्विंटल)।

विस्फोटक रसायन: 12 क्विंटल पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल, एल्युमिनियम पाउडर और नीला थोथा।

उपकरण: बड़ी संख्या में पैकिंग मशीनें और पटाखा बनाने के अन्य यंत्र।

इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह माल कहां सप्लाई किया जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट तो काम नहीं कर रहा है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story