भीलवाड़ा में मिलावटखोरों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': खाद्य विभाग ने 4000 किलो मसाले किए सीज, 4 क्विंटल खजूर मौके पर ही नष्ट

भीलवाड़ा (बीएचएन)। होली के त्योहार से पहले जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चित्तौड़गढ़ रोड स्थित 'स्टार लाईट एग्रो लिमिटेड' कोल्ड स्टोरेज पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने यहाँ से 40 क्विंटल से अधिक संदिग्ध मसाले जब्त किए हैं, जिससे मिलावटखोरों के खेमे में हड़कंप मच गया है।
मसालों का जखीरा सीज, भारी मात्रा में खजूर नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने जब स्टार लाईट एग्रो पर छापेमारी की, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि टीम ने मौके से करीब 2300 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर और 1710 किलोग्राम,साबुत धनिया मसाला सीज किया है। इसके अलावा, स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक पाए गए लगभग 400 किलोग्राम (4 क्विंटल) खजूर को टीम ने मौके पर ही जमीन में दबवाकर नष्ट करवा दिया।
अजमेर लैब भेजे सैंपल, कानून का शिकंजा कसना तय
कार्यवाही के दौरान टीम ने जब्त किए गए मसालों के सैंपल लिए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होते ही फर्म के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस टीम में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजवीर सिंह चारण, अंकित शर्मा, फहद खान और डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार शामिल थे।
सावधान! मिलावट की सूचना दें
विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्योहारी सीजन में चमक-धमक वाली और खुले मसालों को खरीदने से बचें। किसी भी स्थान पर मिलावट की आशंका होने पर तुरंत कार्यालय के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
