एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई:: हाईवे पर जाल बिछाकर दो कारों से 414 किलो डोडा-पोस्त जब्त, पंजाब के दो तस्कर दबोचे

भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) भीलवाड़ा की टीम ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुख्ता मुखबिरी के आधार पर एनएच-48 जयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर पुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने दो लग्जरी कारों से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। इस कार्रवाई में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार क्र लिया गया, जबकि एक मौके से फरार हो गया।
झाड़ियों में छिपकर किया तस्करों का इंतजार
एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ की ओर से दो कारें (एक स्कॉर्पियो और एक ओरा) आगे-पीछे चल रही हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरकर पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना पर एएनटीएफ चौकी प्रभारी अयुब खां के साथ टीम तुरंत सक्रिय हुई और हाईवे पर रणनीतिक रूप से दोनों तरफ झाड़ियों की आड़ में छिपकर तस्करों के जाल में फंसने का इंतजार करने लगी।
स्टॉप स्टिक की मदद से घेरा, 414 किलो माल बरामद
जैसे ही हाईवे पर संदिग्ध स्कॉर्पियो और बिना नंबरी ओरा कार दिखाई दी, पुलिस टीम ने 'स्टॉप स्टिक' की मदद से उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। तलाशी लेने पर वाहनों में करीब 414 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त भरा मिला। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो और बिना नंबर की ओरा कार को जब्त कर लिया है।
ये हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है इनमे अरुण सिंह (20) पुत्र बलविन्द सिंह, रविदास सिख निवासी जगराव, जिला लुधियाना, पंजाब और अनमोल सिंह (17) पुत्र अवतार सिंह, जाति जट सिख निवासी करमाल/भणमाल, जिला मोगा, पंजाब) शामिल है।
चित्तौड़गढ़ से पंजाब ले जा रहे थे खेप
प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप चित्तौड़गढ़ से भरकर पंजाब ले जा रहे थे। फरार आरोपी का नाम करमजीत सिंह बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कन्हैयालाल, एएनटीएफ चौकी प्रभारी अयुब खां, एएसआई जमना लाल, आजाद सिंह, विक्रम सिंह और चालक मनोज कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है।
