कोटड़ी पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': 45 किलो अफीम डोडा-चूरा के साथ 2 तस्कर दबोचे, स्विफ्ट कार जब्त

कोटड़ी पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: 45 किलो अफीम डोडा-चूरा के साथ 2 तस्कर दबोचे, स्विफ्ट कार जब्त
X

भीलवाड़ा | जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ कोटड़ी थाना पुलिस ने एक और बड़ी स्ट्राइक की है। खाकी ने तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए तेजमल जाट और नरेश जाट नाम के दो शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस ने इन सफेदपोश तस्करों के कब्जे से 45.390 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा ओर एक कार बरामद की है।

मुखबिर की सटीक सूचना पर 'खेत' में दी दबिश

नशे के खिलाफ चल रही इस मुहिम में कोटड़ी पुलिस को 31 मार्च को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की स्पेशल टीम ने चिन्हित खेत पर अचानक रेड मारी। पुलिस की घेराबंदी इतनी तगड़ी थी कि तस्करों को भागने का मौका तक नहीं मिला। मौके की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में डोडा-चूरा बरामद हुआ, जिसे तस्करी के लिए तैयार किया जा रहा था।

लग्जरी कार भी जब्त

आरोपी केवल नशे का धंधा ही नहीं कर रहे थे, बल्कि पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक स्विफ्ट कार का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने इस गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इस लग्जरी कार के जरिए ग्रामीण और शहरी इलाकों में सप्लाई चैन चला रहे थे।

नेटवर्क की कुंडली खंगाल रही पुलिस

कोटड़ी थाना पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह नशे की खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस को शक है कि इन दोनों युवाओं के पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है।

"जिले में नशे के काले कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए पुलिस मुस्तैद है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जल्द ही इनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।" — कोटड़ी पुलिस

भीलवाड़ा पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से तस्करों के खेमे में हड़कंप मच गया है। कोटड़ी पुलिस की इस मुस्तैदी की इलाके में सराहना हो रही है।


Next Story