श्रीलंका में चक्रवात दितवाह से भारी तबाही-: अब तक 46 की मौत, तेज गति से भारत की ओर बढ़ रहा तूफान

श्रीलंका में बने चक्रवात दितवाह ने भीषण तबाही मचा दी है। पिछले कुछ दिनों में इस तूफान ने चालीस से अधिक लोगों की जान ले ली और तेइस लोग लापता बताए जा रहे हैं। श्रीलंका के तटीय हिस्से से आगे बढ़ता यह चक्रवात अब बंगाल की खाड़ी की ओर मुड़ चुका है और इसका रुख भारत के दक्षिणी तटों की तरफ है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है और तटीय राज्यों को सतर्क रहने को कहा है। राहत बचाव टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं।
श्रीलंका में भूस्खलन बारिश और जनजीवन अस्त व्यस्त
पिछले चौबीस घंटों में तीन सौ मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं जिससे सड़कें बंद पड़ गई हैं। पूर्वी और मध्य श्रीलंका सबसे ज्यादा प्रभावित बताया जा रहा है। डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर ने बताया कि करीब चवालीस हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। स्कूल अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। ट्रेन सेवाएं रोकी गई हैं और भारी बारिश के कारण कोलंबो स्टॉक एक्सचेंज ने निर्धारित समय से पहले ट्रेडिंग रोक दी।
कई उड़ानें डायवर्ट बचाव में मुश्किलें
इमरजेंसी ऑपरेशंस के निदेशक ब्रिगेडियर एस धर्मविक्रमा ने बताया कि कई गांवों तक पहुंचना कठिन हो गया है क्योंकि भूस्खलन से रास्ते बंद हैं। पोर्ट्स और सिविल एविएशन मंत्री अनुरा करुणाथिलके ने कहा कि यदि मौसम और बिगड़ा तो श्रीलंका अपने मुख्य हवाई अड्डे से उड़ानों को त्रिवेंद्रम और कोचीन भेजना शुरू कर देगा। स्थानीय मीडिया के अनुसार कुछ उड़ानें पहले ही मस्कट दुबई नई दिल्ली और बैंकॉक की ओर डायवर्ट की जा चुकी हैं।
भारत के तटीय इलाकों में सतर्कता
तूफान अब भारत की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यह चक्रवात उत्तर तमिलनाडु पुडुचेरी दक्षिण आंध्र प्रदेश तेलंगाना और केरल के तटों के पास से गुजर सकता है। अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। मछुआरों को गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और स्थानीय प्रशासन को तैयार रहने को कहा गया है।
