फोटोग्राफर निकला बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का मास्टरमाइंड, 48 घंटे में खुलासा

फोटोग्राफर निकला बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का मास्टरमाइंड, 48 घंटे में खुलासा
X

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला खपरी गांव में हुए दिल दहला देने वाले बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटों में खुलासा कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड गांव का ही एक फोटोग्राफर निकला, जिसने लालच में आकर अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या और लूट की साजिश रची।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि 1 अप्रैल की सुबह 70 वर्षीय संतराम साहू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी श्याम बाई साहू के शव घर में खून से लथपथ मिले थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

शादी में वीडियोग्राफी के दौरान की रेकी

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुरेंद्र यादव ने 27 मार्च को पीड़ित परिवार के घर में एक शादी समारोह के दौरान वीडियोग्राफी की थी। इसी दौरान उसने घर की बनावट, कमरों, अलमारियों और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण कर लिया। उसे घर में नगदी और जेवर होने का अंदेशा हो गया था।

छत के रास्ते घुसे, विरोध पर कर दी हत्या

31 मार्च की रात सुरेंद्र अपने तीन साथियों गजेंद्र पाल, श्याम रतन दिनकर और विजेंद्र पाल के साथ छत के रास्ते घर में घुसा। चोरी के दौरान आहट से संतराम साहू जाग गए। पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी श्याम बाई बचाने आईं, तो आरोपियों ने उनका भी गला रेत दिया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

फॉरेंसिक सुराग बना गिरफ्तारी का आधार

घटनास्थल पर संघर्ष के निशान मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने संकेत दिया कि किसी आरोपी को चोट लगी है। पुलिस ने संदिग्धों की जांच शुरू की, जिसमें एक युवक के हाथ पर गहरा कट मिला। सख्ती से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

चारों आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद

पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटा गया सोने का हार और चांदी की पायल भी बरामद कर ली गई है। गांव के ही परिचित द्वारा इस तरह की वारदात सामने आने से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और डकैती की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Story