भीषण सड़क हादसा: बस ने कार को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत, हाईवे पर मची चीख-पुकार

भिंड-ग्वालियर | नेशनल हाईवे-719 पर बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब भिंड में बारात छोड़कर वापस ग्वालियर लौट रही एक तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका के पास बस और कार के बीच भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। घायलों में से 2 की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

हादसों का हाईवे: चौड़ीकरण की मांग के बाद भी प्रशासन मौन

घटनास्थल पर मौजूद लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखा गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस हाईवे पर आए दिन हादसे होते हैं। लंबे समय से हाईवे के चौड़ीकरण की मांग की जा रही है और संतों ने भी इसके लिए आंदोलन किया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही। इसी अनदेखी का खामियाजा आए दिन बेगुनाह लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।

शवों का हुआ पोस्टमार्टम, जांच शुरू

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

Next Story