अवैध बजरी खनन पर पुलिस की कार्रवाई; खारी नदी से 5 वाहन ज़ब्त, माफियाओं में मची खलबली

भीलवाड़ा। फूलियाकलां क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। आरपीएस (पी) और थानाधिकारी भवानी सिंह के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी ने बजरी माफियाओं के नेटवर्क को हिला कर रख दिया है। पुलिस ने कार्यवाही के दौरान 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 ट्रैक्टर लोडर ज़ब्त किए हैं।

दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश

थानाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से खारी नदी क्षेत्र में घेराबंदी की। यह कार्यवाही दो प्रमुख स्थानों पर हुई। बागथला गांव से पुलिस ने 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध बजरी परिवहन करते हुए पकड़ा। इसी तरह खेड़ा हेतम खारी नदी से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 ट्रैक्टर लोडर को ज़ब्त किया गया, जो नदी के पेटे से अवैध रूप से बजरी का लदान कर रहे थे।

पुलिस को देख भागे माफिया

छापेमारी के दौरान पुलिस की गाड़ी देखते ही खनन स्थल पर हड़कंप मच गया। ट्रैक्टर चालक और माफिया अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने सभी पांचों वाहनों को ज़ब्त कर फूलियाकलां थाने में खड़ा करवाया है और फरार चालकों व वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Next Story