टोल प्लाजा पर आधी रात को नकाबपोशों का तांडव, 5 लाख की तोड़फोड़ कर हुए फरार

टोंक. जिले के उनियारा क्षेत्र में नेशनल हाईवे 148डी पर स्थित पलाई टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बिना किसी विवाद या बातचीत के बदमाशों ने टोल बूथों पर हमला कर भारी तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

तीन गाड़ियों में आए थे हथियारबंद हमलावर

टोल कर्मचारियों के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे की है। लेन नंबर 2 पर अचानक तीन गाड़ियां आकर रुकीं, जिनसे कई युवक नीचे उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों के हाथों में हथियार भी थे। उन्होंने बिना किसी उकसावे के सीधे टोल बूथों पर हमला बोल दिया और वहां लगे कंप्यूटर सिस्टम व अन्य उपकरणों को तोड़ना शुरू कर दिया।

जान बचाने के लिए जंगलों की ओर भागे कर्मचारी

बदमाशों के आक्रामक तेवर और हथियारों को देखकर टोल पर मौजूद कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अचानक हुए इस हमले से कर्मचारियों में भारी दहशत व्याप्त हो गई। बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में उत्पात मचाया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

लाखों का नुकसान, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

टोल सूत्रों ने बताया कि इस तोड़फोड़ में टोल प्लाजा को करीब 4 से 5 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद उनियारा थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राजकुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उनकी गाड़ियों के नंबर ट्रेस करने में जुटी है।

Next Story