रूह कंपा देने वाली वारदात:: नशेड़ी पति ने 5 साल की मासूम के सामने घोंटा पत्नी का गला, 'नाता प्रथा' से हुआ था विवाह

बूंदी। जिले के सदर थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले एक शख्स ने शराब के नशे में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की गवाह बनी 5 साल की मासूम बेटी ने चीख-चीख कर पुलिस को बताया— "पापा ने मम्मी को मार दिया।"
बाजार से सामान लाए और फिर शुरू हुआ खूनी खेल:
जानकारी के अनुसार, मृतका रूबी (30) अपने पति काजू चितौड़ा के साथ फिरोजाबाद से आकर यहाँ तिरपाल डालकर रह रही थी। रूबी का यह दूसरा विवाह था; पहले पति की मौत के बाद वह 'नाता प्रथा' के जरिए काजू के साथ रह रही थी। मृतका के मामा करतार ने बताया कि बुधवार शाम दोनों बाजार से घरेलू सामान लेकर लौटे थे और शराब पी रखी थी। घर लौटने के बाद काजू फिर से शराब की बोतल लाया और अत्यधिक नशा करने के बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
आधी रात को गला घोंटा, फिर रचा नाटक:
नशे में धुत्त काजू ने पहले रूबी के साथ जमकर मारपीट की और फिर रस्सी से उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद करीब रात 2:30 बजे आरोपी खुद चिल्लाने लगा कि उसकी पत्नी बेहोश हो गई है। शोर सुनकर आसपास के परिजन और लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
मासूम बेटी की गवाही और गले पर निशान:
अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने रूबी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, मृतका की 5 साल की बेटी ने साफ तौर पर अपने पिता को हत्यारा बताया। महिला के गले पर रस्सी के गहरे निशान थे और शरीर से रक्तस्राव भी हो रहा था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले आरोपी के माता-पिता भी आए थे और उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस:
सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस हत्याकांड की हर पहलू से जांच कर रही है कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
