भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रोले की भिड़ंत में 5 की मौत, 12 घायल

हनुमानगढ़/रावतसर | हनुमानगढ़ जिले के रावतसर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरमसर के पास मेगा हाईवे पर एक निजी बस और ट्रोले की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में से 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही सवारियों से भरी निजी बस सुबह करीब 7 बजे बरमसर के पास पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर सरसों से भरी दो ट्रॉलियां खड़ी थीं। बस चालक ने इन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रहे ट्रोले से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रोले का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
मृतकों की पहचान और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा और थाना प्रभारी ईश्वरानन्द पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम संजय कुमार और एसडीएम संजय अग्रवाल ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार का जायजा लिया। मृतकों में से तीन की पहचान हो गई है, जो हनुमानगढ़ टाउन के निवासी थे:
अजय बंसल पुत्र श्यामलाल बंसल
श्यामलाल
हरिराम पुत्र हनुमान प्रसाद
(एक महिला और एक पुरुष के शव की पहचान के प्रयास जारी हैं।)
गंभीर घायल और उपचार
हादसे में घायल हुए 7 लोगों का इलाज रावतसर अस्पताल में चल रहा है, जबकि 5 गंभीर घायलों को हनुमानगढ़ रेफर किया गया है, जिनमें सुमन (38), महेन्द्र कुमार (39), आदित्य (17), अरविन्द (38) और रितु नागपाल (40) शामिल हैं।
मची चीख-पुकार, हाईवे पर लगा जाम
हादसे के वक्त अधिकांश सवारियां सो रही थीं। टक्कर होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे के कारण मेगा हाईवे पर करीब 2 घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिसे बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू करवाया गया।
