एनडीपीएस मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 18 माह से था फरार

भीलवाड़ा। जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर मामले में पुलिस ने 5,000 रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 18 माह से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
जानकारी के अनुसार 30 मई 2024 को मुखबिर की सूचना पर सगरेव से जगपुरा की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रुकवाया गया, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन चालक को पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 106 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया गया।
मौके पर पकड़े गए आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, मौके से फरार हुए व्यक्ति की पहचान अनुसंधान के दौरान सिंहपुर, कपासन चितौड़गढ़ निवासी जगदीश चन्द्र 27 पुत्र पृथ्वीराज जाट, के रूप में हुई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तकनीकी व निगरानी के आधार पर आरोपी के संपर्क सूत्रों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को सिंहपुर से उदयपुर हाईवे के पास से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
