एसपी की गाड़ी पर फायरिंग करने वाला 50 हजार का इनामी अमजद ढेर

मुजफ्फरनगर। तितावी क्षेत्र में एसपी देहात की गाड़ी पर कार्बाइन से अंधाधुंध फायरिंग करने वाला 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि 40 से अधिक संगीन मामलों में वांछित अमजद तितावी और शाहपुर के जंगलों के बीच देखा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार 26 वर्षीय अमजद पर उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली एनसीआर में हत्या, लूट और डकैती के कई मुकदमे दर्ज थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम पहले से सतर्कता बरतते हुए जंगल क्षेत्र में पहुंची। टीम लीडरों ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी।
पुलिस के पहुंचते ही अमजद ने कार्बाइन और पिस्टल से एसपी देहात की गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। गाड़ी के शीशे टूट गए और उप निरीक्षक संदीप कुमार तथा कांस्टेबल अशफाक गोली लगने से घायल हो गए। अन्य पुलिसकर्मी बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण सुरक्षित रहे।
अचानक हमले के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमजद घायल होकर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके से एक बाइक, पिस्टल और कार्बाइन बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि अमजद के खिलाफ 40 से अधिक मुकदमे सामने आ चुके हैं और जांच के दौरान इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।
