रामधेर ने 50 नक्सलियों के साथ किया सरेंडर! 39 हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक और सफलता मिली है। 210 नक्सलियों के सामूहिक आत्मसमर्पण के बाद अब बड़ी संख्या में नक्सलियों ने हथियार डाल दिए हैं। उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय सीसी मेंबर रामधेर ने अपने 50 नक्सली साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया है। यह आत्मसमर्पण महला कैंप में हुआ ।
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों पर मिलाकर करीब 50 लाख रुपए का इनाम घोषित था। बुधवार को कुल 50 नक्सलियों, जिनमें 32 महिलाएं शामिल हैं, ने पुलिस और सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। यह सामूहिक आत्मसमर्पण कोयालीबेड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बीएसएफ की 40वीं बटालियन के कामटेरा कैंप में हुआ। इस कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ माओवादी कमांडर राजमन मंडावी और राजू सलाम ने किया।
रामधेर का सरेंडर
बताया जा रहा है कि सुबह से ही पखांजूर से करीब 20 किलोमीटर दूर महला कैम्प में हलचल देखी जा रही थी। बड़े नक्सली नेता सोनू उर्फ भूपति और रूपेश के आत्मसमर्पण के बाद अब तीसरी बड़ी कड़ी के रूप में सीसी मेंबर रामधेर का नाम सामने आया है। संगठन में उसकी पकड़ इतनी मजबूत थी कि वह अकेले नहीं, बल्कि अपने 50 साथियों के साथ नक्सली विचारधारा त्याग कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो गया।
39 हथियार बरामद
पुलिस और प्रशासन ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पास से कुल 39 हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें राइफल, देशी बंदूकें और विस्फोटक सामग्री भी शामिल हैं। अधिकारियों ने इसे माओवादी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका बताया है, खासकर माड क्षेत्र में, जहां लंबे समय से नक्सली सक्रिय थे।
