बीकानेर में 'नोटों' वाला सीवरेज:: चैम्बर से निकले 500-500 के नोट, लूटने उमड़ी भीड़, पुलिस ने बरामद किए 81 हजार

बीकानेर | बीकानेर के मुक्ता प्रसाद थाना इलाके में शनिवार को एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। यहां अंत्योदय नगर स्थित एक सार्वजनिक पार्क के पास सीवरेज लाइन के चैम्बर से अचानक 500-500 के नोट निकलने लगे। यह खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर नोट लूटने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा।
बाइक सवार युवक बोरे में भरकर ले गया नोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेहरू पार्क और ईएसआई अस्पताल के बीच स्थित एक टॉयलेट के पास खुले चैम्बर में नोट तैरते देखे गए। सूचना मिली है कि पुलिस के पहुंचने से पहले एक युवक पल्सर बाइक पर आया और तेजी से काफी सारे नोट एक बोरे में भरकर फरार हो गया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी चैम्बर में हाथ डाल-डाल कर नोट निकालने शुरू कर दिए। गंदे पानी से निकले इन नोटों को लोग साफ पानी से धोते नजर आए।
दूसरे चैम्बर में भी मिले नोट, 81 हजार जब्त
हंगामा बढ़ता देख जब लोगों ने 15 फीट दूर स्थित सीवरेज के दूसरे चैम्बर का ढक्कन खोला, तो वहां भी गंदे पानी में नोट पड़े मिले। मुक्ता प्रसाद थानाधिकारी विजेंद्र शीला ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और अब तक 81 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस का अनुमान है कि करीब 5 हजार से अधिक नोट (500-500 के) वहां मौजूद हो सकते थे, जिनमें से काफी हिस्सा लोग लेकर चले गए।
असली या नकली? जांच में जुटी पुलिस
थानाधिकारी ने बताया कि बरामद किए गए नोट प्रथम दृष्टया असली प्रतीत हो रहे हैं, लेकिन उनकी प्रामाणिकता की पूरी जांच करवाई जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस बाइक सवार युवक का पता लगाया जा सके जो बड़ा हिस्सा लेकर फरार हुआ है। यह भी जांच का विषय है कि इतनी बड़ी नकदी सीवरेज के गंदे नाले में आखिर आई कहां से।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
